मुजफ़्फ़रनगर भाकियू की अपील:इस रविवार को शहर में न आये आम आदमी - सीवी_लाइव_न्यूज_24

मुजफ़्फ़रनगर भाकियू की अपील:इस रविवार को शहर में न आये आम आदमी -

 सीवी_लाइव_न्यूज_24


मुजफ्फरनगर।तीन कृषि कानूनों को लेकर चल रहे आंदोलन को नई तरो ताजगी देने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा के आह्नान पर जिले में चल रही किसान महापंचायत की तैयारियों को मौसम के मिजाज ने बिगाड़ दिया है। बारिश की वजह से तैयारियों पर पावर ब्रेक लग गया,लेकिन भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता इस ठहराव के बाद कई गुना तेजी के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।गुरूवार भाकियू नेताओं ने जहां मैदान जाकर निरीक्षण किया,तो वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव भी पुलिस अफसरों के साथ मैदान पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखने के लिए भाकियू नेताओं के साथ चर्चा की। भाकियू ने आम लोगों से अपील की  और कहा कि वह एक दिन किसानों के आंदोलन को दें और रविवार के दिन शहर में सड़कों पर न आयें।


आपको बता दें कि 5 सितम्बर को संयुक्त किसान मोर्चा ने मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत बुलाई है।इसकी तैयारियों के मुख्य जिम्मेदार गृह जनपद होने के कारण भारतीय किसान यूनियन को दी गयी है। बारिश के बाद मैदान के हालत का जायजा लेेने के लिए भाकियू के मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र मलिक ने यूनियन और संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ जीआईसी मैदान का निरीक्षण किया और वहां पर बारिश के कारण पंडाल में बिगड़ी हालत को संवारने का काम शुरू करवाया है।बारिश के पानी की वजह से मैदान पर हुए जलभराव के बाद कीचड़ हो गया है। कीचड़ को खत्म करने के लिए मिट्टी भराव का काम किया जा रहा है। वहीं आज महापंचायत में तैयारियों और व्यवस्था को परखने के लिए एसएसपी अभिषेक यादव व एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने भी दौरा किया। एसएसपी के साथ एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, सीओ सिटी कुलदीप कुमार, एसएचओ सिविल लाइन उम्मेद कुमार व अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। एसएसपी ने भाकियू नेता धर्मेन्द्र मलिक के साथ पार्किंग और अन्य बंदोबस्तों को लेकर चर्चा की।


इस दौरान एसपी सिटी ने बताया कि महापंचायत के लिए आने वाले किसानों के वाहनों को सरकूलर से नहीं आने दिया जायेगा। इसके लिए शहर में अलग अलग स्थानों पर छह जगहों पर पार्किंग बनायी गयी हैं। इनमें मेरठ रोड पर आईटीआई मैदान, नई मण्डी में नवीन मण्डी स्थल गुड़ मण्डी, डीएवी काॅलेज मैदान, इस्लामिया इण्टर काॅलेज का मैदान, रेलवे रोड स्थित माल गोदाम और नुमाइश मैदान शामिल हैं। इनके अलावा कहीं भी किसानों के वाहनों को एंट्री नहीं दी जायेगी। इसके साथ ही अन्य सुरक्षा बंदोबस्तों को लेकर भी अफसरों और यूनियन नेताओं की वार्ता हुई।


 धर्मेन्द्र मलिक ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बारिश के कारण मैदान पर पंडाल और अन्य तैयारियों पर प्रभाव पड़ा है, लेकिन मैदान को तेजी से तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही आज नगरीय निकायों से मोबाइल टाॅयलेट भी मैदान पर भेजी गई हैं, जिनको विभिन्न प्वाइंटों पर लगवाया गया है। इनके लिए पानी का भी प्रबंध कराया जा रहा है। मैदान का निरीक्षण करते हुए कीचड़ वाले स्थानों पर मिट्टी डलवाने का काम तेजी से कराया जा रहा है।

धर्मेन्द्र मलिक ने कहा कि इस मैदान पर 5 सितम्बर को किसान एक नया इतिहास लिखने जा रहे हैं और दावा किया कि देशभर से संयुक्त किसान मोर्चा की इस पंचायत में करीब 5 लाख किसान जुटेंगे। आज पुलिस और प्रशासनिक अफसरों से व्यवस्थाओं को लेकर पुनः चर्चा हुई। 6 पार्किंग स्थल बनाये जा रहे हैं। 

धर्मेन्द्र मलिक ने कहा कि पंचायत छुट्टी के दिन रविवार को होने जा रही है। ऐसे में हम आम लोगों से अपील करते हैं कि वह गंभीर आवश्यकता में ही अपने घरों से बाहर निकलें।रविवार के दिन अनावश्यक रूप से शहर में न आयें।

इससे उनको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।धर्मेन्द्र मलिक ने कहा कि किसानों की समस्या भी आम लोगों से जुड़ी हुई है। इसलिए एक दिन सभी लोग किसानों को समर्थन दें। इस दौरान संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी ओमदेव खत्री, भाकियू नगराध्यक्ष शाहिद आलम, नवीन राठी, पूर्व बार संघ अध्यक्ष राजेश्वर दत्त त्यागी एडवोकेट आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ