अजीबो-गरीब: एक तोते ने नोएडा पुलिस की नाक में किया दम, पांच महीने से जारी है खोज
सीवी लाइव न्यूज 24 संवाददाता- क्या आप मान सकते हैं कि चोर उचक्कों,वांछित अपराधियों की धरपकड़ और शातिर अपराधियों का एनकाउन्टर करने वाली पुलिस कभी एक तोते के कारण परेशान हो सकती है। नोएडा में एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां एक तोते ने नोएडा पुलिस की नींद को हराम करके रख दिया है।पांच महीने पहले एक महिला ने अपने तोते के खोने की शिकायत की थी।जब पुलिस इतने समय बाद भी तोते को नहीं खोज पाई तो महिला ने एक बार फिर इसकी शिकायत की है।पुलिस ने महिला को आश्वासन दिया कि तोते को ढूंढ रहे हैं। महिला और पुलिसकर्मियों के बीच फोन पर हुई बातचीत अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर-39 थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने मई में डॉयल 112 पर फोन कर अपना तोता खो जाने की शिकायत दर्ज करायी थी। इसके बाद डॉयल 112 ने सेक्टर-39 थाने को इस मामले से अवगत कराया था। महिला ने अपने पड़ोसी पर शक भी जाहिर किया था। पुलिस का कहना है कि पड़ोसी से पूछताछ में पता चला कि तोता उड़कर उनकी छत पर आया था और फिर वहां से भी उड़ गया। महिला का कहना है कि फुलिस पांच महीने बीत जाने के बाद भी तोते के बारे में कोई सुराग नहीं लगा पायी है।महिला ने फिर पुलिस से शिकायत की है।
वायरल ऑडियो में थाना प्रभारी से महिला ने कहा है कि उन्होंने जिस चौकी प्रभारी का नंबर दिया था, वह कह रहे हैं, हमारे क्षेत्र का मामला नहीं है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला सदरपुर चौकी का है। आपके बोलने से सलारपुर लगा था इसलिए सालारपुर चौकी प्रभारी का नंबर दिया था। सेक्टर-39 थाना प्रभारी राजीव बालयान ने बताया कि जांच में पता चला कि तोता उड़ गया है। महिला को भी इस बारे में बता दिया गया था।

0 टिप्पणियाँ